12-कैथल। अपनी मांगों को लेकर दूसरे दिन बिजली भवन परिसर में धरने पर नारेबाजी करते हुए किसान।
- फोटो : Kaithal
कैथल। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी गुट से जुड़े किसानों ने बुधवार को बिजली निगम कार्यालय से पिहोवा चौक तक प्रदर्शन किया। इसके बाद चौक पर बिजली मंत्री रणजीत चौटाला का पुतला फूंककर विरोध में नारेबाजी की। बाद में किसानों ने बृहस्पतिवार से भूख हड़ताल का भी एलान किया।
यूनियन के जिला अध्यक्ष महाबीर चहल, युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना व प्रदेश उपाध्यक्ष होशियार गिल ने कहा कि किसान ट्यूबवेल कनेक्शन नहीं मिलने से नाराज हैं। इसी के चलते पिहोवा चौक स्थित बिजली निगम कार्यालय के बाहर पक्का धरना लगा दिया है। अगर जल्द ही निगम ने किसानों के लंबित पड़े बिजली के कनेक्शन नहीं दिए तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। हर रोज वे संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अपने आंदोलन को तेज करेंगे।
किसान नेताओं ने कहा कि सरकार लंबे समय से ट्यूबवेल कनेक्शन नहीं दे रही है। आरोप लगाते हुए कहा कि अलग-अलग तरह की शर्तें लगाकर किसानों को परेशान कर रही है। यह भी कहा कि किसानों के लाखों रुपये सरकार के पास जमा हैं। इसके बावजूद कनेक्शन नहीं दिए जा रहे।
किसान नेता नरेंद्र मागो माजरी व जसविंद्र ने कहा कि बीते आठ साल से किसानों के ट्यूबवेल कनेक्शन लंबित पड़े हैं। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। आने वाले चार-पांच दिनों में अलग तरह का विरोध दिखेगा। कमेटी स्तर पर फैसला लेकर किसान सड़कों पर उतरेंगे। जरूरत पड़ी तो जेल भरने का काम भी करेंगे। ये विरोध तब तक करते रहेंगे, जब तक किसानों को ट्यूबवेल के कनेक्शन नहीं मिल जाते। प्रदर्शन में भारी संख्या में किसान शामिल हुए।
13-कैथल। पिहोवा चौक पर बिजली मंत्री का पुतला जलाते हुए किसान।- फोटो : Kaithal