कैथल। पिछले चार साल से 11 प्रतिशत ब्याज देने का झांसा देकर किस्तें जमा करवा रही एक कंपनी लोगों के लगभग 50 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गई। सेक्टर 20 में कंपनी का कार्यालय बंद देखकर पैसे निवेश करने वालों के कान खड़े हो गए। कंपनी में काम करने वाले जिला स्तर के पदाधिकारी भी खुद को ठगा बता रहे हैं। मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में दी गई है। हालांकि पुलिस ने समाचार दिए जाने तक केस दर्ज नहीं किया था। भुक्तभोगियों में से कुछ का कहना है कि उन्होंने हाईकोर्ट में भी केस दायर किया है। ठगी की राशि 40 से 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सोसाइटी का संचालन करने वाले उत्तर प्रदेश के लखनऊ क्षेत्र के सात लोग बताए जा रहे हैं।
सोसाइटी में चार साल तक लगातार दो हजार रुपये की दर से किस्तें जमा कर रहीं एक महिला ने बताया कि वह जिलास्तर पर कार्यरत लोगों के झांसे में आ गईं थीं। उन्होंने वर्ष 2016 में 2000 रुपये की प्रति माह की दर से धनराशि जमा करवाना शुरू किया था। इसके लिए उन्हें 11 प्रतिशत की दर से ब्याज देने की बात कहते हुए लिखित में 13 मार्च 2022 को एक लाख 87 हजार रुपये देने की बात कही गई थी। पिछले माह उसकी अवधि पूरी हो गई लेकिन अभी इस संस्था का कोई अधिकारी पैसे के संबंध में कोई जानकारी देने को तैयार नहीं है। न ही कंपनी का कार्यालय खुलता है। वह चक्कर लगाकर थक चुकी है।