कैथल/कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के सेक्टर-आठ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में कारोबारी ने आधी रात तक बच्चों के साथ मूवी देखी और फिर दूसरे कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। राजीव कुमार मूल रूप से राजौंद (कैथल) के रहने वाले थे। वह पानीपत में कॉरपेट का कारोबार करते थे, जो कोरोना में ठप हो गया था। इस दौरान कर्ज हो गया, जिसके कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।
पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है। उसमें क्या लिखा है, यह खुलासा नहीं किया है। बताते हैं कि तीन करोड़ रुपये की देनदारी से तनाव का जिक्र पत्र में है।
सेक्टर सात चौकी से जांच अधिकारी ओमप्रकाश के मुताबिक राजीव ने शुक्रवार रात अपने बच्चों के साथ देर रात तक फिल्म देखी। इसके बाद आधी रात को उन्होंने अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। सुबह परिजनों ने उनका शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद