संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस मेडिकल स्टोर्स पर नियमित निगरानी कर रही है। इसलिए मेडिकल स्टोर संचालक बिना पंजीकृत डॉक्टर की पर्ची के नशीली दवाइयां न दें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्टोर पर एनआरएक्स रजिस्टर अनिवार्य रूप से लगाया जाए और सीसीटीवी कैमरे भी सुनिश्चित किए जाएं।
एसडीएम वीरवार को गिरनार स्वीट्स हॉल में चीका मेडिकल एसोसिएशन की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि नशे को खत्म करने में मेडिकल स्टोर संचालकों का सहयोग बहुत आवश्यक है। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें। नशे को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नशा आज की युवा पीढ़ी के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। यह न केवल शरीर को नुकसान पहुंचाता है बल्कि मानसिक संतुलन, पारिवारिक जीवन और सामाजिक रिश्तों को भी प्रभावित करता है। नशे की लत से बाहर निकलना बेहद कठिन होता है।
डीएसपी कुलदीप बेनीवाल ने भी केमिस्ट दुकानदारों से अपील की कि वे अलर्ट रहकर दवाइयां दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान से जुड़ना होगा।
इस मौके पर केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान राजेश कुमार ने आश्वस्त किया कि सभी केमिस्ट प्रशासन और पुलिस के साथ हैं। नशे के खिलाफ यह लड़ाई मिलकर लड़ी जाएगी और इसे जड़ से खत्म किया जाएगा। इस अवसर पर सूरज तनेजा, सुरेंद्र बंसल, शिव नारायण गुप्ता, राजकुमार आदि उपस्थित रहे।