संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पूंडरी में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली महिला पर फायरिंग करने के मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में यूनिट एसआई विरेंद्र सिंह की टीम ने जांच करते हुए बहु समाना जिला कुरुक्षेत्र निवासी आरोपी करण उर्फ कप्तान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गुरु ब्रह्मानंद कॉलोनी पूंडरी में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली महिला उर्मिला ने शिकायत दी थी कि वह पिछले नौ साल से अपनी पति व देवर मंजीत के साथ हेयर सेलून व ब्यूटी पार्लर चलाती है।
पांच साल पहले उसके पति के चाचा का बेटा बीरबल उनके सैलून पर काम करता था। उसके आपराधिक काम करने की वजह से कई बार पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसने बीरबल को दुकान से हटा दिया था। इस वजह से वह उनसे रंजिश रखने लगा व कई बार उसने उनसे झगड़ा भी किया।
21 मार्च दोपहर करीब 1:30 बजे बीरबल उनके सैलून पर आया व उसने उसके साथ मारपीट शुरु कर दी, शोर सुनकर उसका देवर मंजीत भी वहां आ गया। इसी दौरान बीरबल ने अपने पेंट से पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग की, जो गोली उसकी गर्दन को छूकर निकल गई थी।
पूंडरी थाने में यह मामला दर्ज कराया गया था। मामले में पहले ही आरोपी बीरबल सहित तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी करण ने बीरबल को यूपी से असला दिलवाने में मदद की थी। आरोपी इससे पूर्व किसी अन्य मामले में कुरुक्षेत्र जेल में बंद था, जिसकी उक्त मामले में गिरफ्तारी के लिए माननीय न्यायालय की मार्फत प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए थे। पुलिस ने आरोपी को दो दिन के लिए रिमांड पर लिया है।