संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सिरटा गांव में हुई महिला की हत्या में आरोपी नाबालिग बेटे को पुलिस अभी तक पकड़ नहीं सकी है। दूसरी ओर आरोपी के पिता ने बेटे पर लगे आरोपों को नकारा है। उसका कहना है कि बेटा अकेले अपनी मां को नहीं मार सकता। उसका यह भी कहना है कि पत्नी ने आत्महत्या की है।
गौरतलब है कि सोमवार को हुई घटना में मूर्ति देवी की हत्या के मामले में मायके वालों ने उसके नाबालिग बेटे के खिलाफ आरोप लगाए थे। मंगलवार को मृतका मूर्ति देवी के पति कुलदीप ने अपने बेटे पर लगे आरोपों का नकारते हुए कहा कि उसका बेटा अकेले अपनी मां की हत्या नहीं कर सकता है। उसकी पत्नी ने परेशान होकर आत्महत्या की है। मृतका के पति कुलदीप का कहना है कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय वह आंध्र प्रदेश के हैदराबाद में गया हुआ था। कम शाम को कैथल आया है।
इस मामले में मृतका मायके पक्ष से उसके भाई डोहर गांव निवासी विनोद की शिकायत के आधार पर मृतका के नाबालिग बेटे के खिलाफ केस दर्ज किया था।
इस मामले में हत्या से पहले भी इस संबंध में अपने मामा को फोन पर अपनी मां को मारने की धमकी दी थी। इसके बाद मां की लाश को बेड पर छोड़कर फरार हो गया। उधर, कॉल आते ही मामा तुरंत गांव में पहुंचा। जहां उसे बहन का शव मिला। उसने पुलिस बुलाई। इसके बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
शुरुआती जांच में सामने आया कि बेटा नशे का आदी था। वह मां से नशे के लिए 50 हजार रुपये मांग रहा था। मां ने जब कहा कि उसके पास इतने पैसे नहीं है तो उसने उसकी हत्या कर दी। उधर, मृतका को आखिरी वक्त में पति का साथ भी नहीं मिल पाया। उसका पति प्रदेश से बाहर था।
इस वजह से महिला का उसके मायके में ही अंतिम संस्कार कर दिया। भाई ने मुखाग्नि दी थी।
पुलिस को है पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मायके पक्ष की ओर से दी गई शिकायत पर पुलिस ने मृतका के बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, लेकिन परिजन अन्य लोगों पर भी वारदात में शामिल होने का शक जता रहे हैं। पुलिस मृतका की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मंगलवार को दिनभर पुलिस नाबालिग बेटे की तलाश में दबिश देती रही।
सदर थाना कैथल प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया है कि पुलिस ने डॉक्टरों के बोर्ड से मृतका का पोस्टमॉर्टम करवाया है। रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू की थी।