संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला वासियों को शुक्रवार को सुबह निकली धूप ने बारिश के बाद बढ़ी ठंड से राहत दिलाई है। दिनभर अच्छी धूप निकली रही। धूप निकलने से पार्कों में भी रौनक रही। उधर, बारिश के बाद सामान्य श्रेणी में आए वायु गुणवत्ता सूचकांक फिर बढ़कर 108 पर पहुंच गया है। यह वैसे तो अच्छी श्रेणी से बाहर लेकिन सामान्य स्तर की अपेक्षा ज्यादा है।
गुनगुनी धूप में शुक्रवार को स्कूली बच्चों ने स्कूल के मैदानों में बैठक लुत्फ उठाया। दिन के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी हुई है। अधिकतम तापमान 24.1 और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, बारिश होने के बाद दिन में तो तापमान बढ़ जाता है, लेकिन सुबह व शाम के समय तापमान कम रहता है। जिससे सुबह व शाम को ठंड होने लगी है। दो पहिया वाहन चालक भी सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनकर और ओढक़र ही घर से निकलते हैं। वहीं शाम के समय लोग सर्दी से बचाव के लिए गर्म चन्ने का सूप पीकर व अन्य गर्म खाद्य पदार्थ का सेवन करते हुए नजर आते हैं।
किसान महाबीर, कृष्ण, बलमत, रोहताश, रमेश कुमार ने कहा कि बारिश से गेहूं की फसलों में फायदा हुआ है। अब गेहूं को धुंध की आवश्यकता है। धुंध से भी गेहूं की फसलों को नाइट्रोजन की मात्रा मिलती है। जो गेहूं की पैदावार बढ़ाने में सहायक होती है।
कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य समन्वयक डॉ. रमेश चंद वर्मा ने कहा कि आगामी सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा। दिन में धूप निकलेगी। सुबह व शाम के समय ठंडक हो सकती है। आगामी सप्ताह में रात के तापमान में भी गिरावट होगी। उधर, चिकित्सकों का कहना है कि ठंड में अभी इजाफा होगा, इसलिए बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है।
सर्दी-खांसी के साथ त्वचा के सूखेपन से बचे
चिकित्सकों के मुताबिक, सर्दी के मौसम में सर्दी और खांसी से परेशानी हो जाती है। इसलिए सावधान रहना जरूरी है। इसका उपचार न किया जाए तब यह तेज़ सिरदर्द, खराब गले, बलगम जमा होना और नाक के इन्फेक्शन में बदल सकती है। इसलिए सामान्य रूप से होने वाली सर्दी से बचाव के लिए अच्छा होगा कि भली-प्रकार से जरूरत के अनुसार गरम कपड़े पहने जाएँ और जहां तक हो सके घरेलू उपचार जैसे गर्म पानी के गरारे करना, गरम पानी की भाप लेकर भी सर्दी और खांसी को दूर कर सकते हैं। इसी प्रकार त्वचा का सूखापन भी होना आम परेशानी है। सर्दी के मौसम में तेज़ गरम पानी से नहाने से बचना चाहिए जिससे आप स्किन पर होने वाली खुजली से बच सकें। इसके लिए अच्छी तरह से क्रीम या पेट्रोलियम जैली से स्किन को मॉस्चराइज करना चाहिए जिससे आप ड्राई स्किन की परेशानी से बच सकते हैं।