42-कैथल। लाभार्थी को प्रोत्साहित करते हुए एडीसी विरेंद्र सहारावत व एमएसएमई विभाग की टीम
- फोटो : Kaithal
कैथल। अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत मिठाई की दुकान के रूप में अपना रोजगार स्थापित करने वाले बाबा लदाना के सुनील कुमार लोगों के लिए प्रेरणा बने हैं। उन्होंने मार्च 2022 में एमएसएमई विभाग से अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का ऋण लेकर गांव में अपनी दुकान बनाई। उन्होंने स्वयं तो अपना कारोबार स्थापित किया ही, साथ ही पांच से सात अन्य बेरोजगार युवाओं को भी रोजगार देने का काम किया।
एडीसी विरेंद्र सहारावत, सीएमजीजीए कुनाल चौहान व एमएसएमई के विस्तार अधिकारी बलदेव कुमार ने सोमवार को उनकी दुकान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने उनकी बनाई मिठाइयों का स्वाद भी चखा। उद्यमी सुनील कुमार ने बातचीत में कहा कि परिवार उत्थान योजना के तहत मिले ऋण की बदौलत उनका रोजगार चल निकला है। उनके पिता ने बताया कि वह प्रतिदिन अच्छी कमाई कर लेता है। दुकान पर पांच से सात युवाओं को भी रोजगार दिया हुआ है। एडीसी विरेंद्र सहारावत ने कहा कि स्कीम के तहत ऋण लेकर युवा उद्यमी अन्य के लिए प्रेरणा बन गया है। स्वयं रोजगार स्थापित करके अन्य को रोजगार देना बहुत बड़ी बात है।