कैथल। एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ जर्नलिज़्म एंड मास कम्यूनिकेशन विभाग में शिक्षक दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार ने छात्रों को शिक्षक दिवस के इतिहास से अवगत कराया और उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि छात्र की सफलता ही शिक्षक के लिए सबसे बड़ी संतुष्टि और सच्ची खुशी है।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद छात्रों ने कविता, गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता भाव प्रकट किया।
छात्रों ने शिक्षकों को पुष्प एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनके मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। सहायक प्रोफेसर डॉ. अनुज नरवाल एवं संकाय सदस्य विकास ने छात्रों को मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने भविष्य को संवारने का संदेश दिया।पूरा समारोह आपसी सौहार्द, प्रेरणा और सम्मान की भावना से परिपूर्ण रहा और शिक्षक-छात्र संबंधों को और मजबूत बनाने में सफल रहा।