संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कॉलेजों में दिनभर मेरिट सूची का विद्यार्थी इंतजार करते रहे लेकिन शाम पांच बजे तक उच्चतर शिक्षा निदेशालय की और से मेरिट सूची जारी नहीं की गई। विद्यार्थी सुबह 10 बजे से कभी वेबसाइट पर जाकर व कॉलेज में पहुंचकर मेरिट सूची के बारे में पूछ रहे थे, अध्यापक भी विद्यार्थियों को बार-बार जल्द मेरिट सूची आने की बात कहते रहे। लेकिन शाम पांच बजे तक सूची जारी नहीं हुई।
कॉलेज में विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया सफलतापूर्वक समाप्त होने के बाद आज पहली प्रोविजनल मेरिट सूची आने की उम्मीद है। अपने बच्चे के दाखिले की जानकारी और पुष्टि के लिए बड़ी संख्या में अभिभावकों और विद्यार्थियों का कॉलेजों में आना-जाना लगा हुआ है। आप सभी को सूचित किया जाता है कि विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से एक कन्फर्मेशन मैसेज मिलेगा, जिसमें बताया जाएगा कि उन्हें दाखिले के लिए एक विशेष कॉलेज आबंटित किया गया है। जैसे ही उन्हें किसी विशेष कॉलेज में
दाखिले का मैसेज मिलेगा, उन्हें कोर्स फीस जमा करने और चालान बनवाने के लिए कॉलेज में आने की सलाह दी जाती है।
आरकेएसडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने बताया कि कॉलेज ने दाखिले को लेकर सभी तैयारियां कर ली है और दाखिले से संबंधित किसी भी तरह की पूछताछ के लिए कॉलेज के राम कृष्ण हॉल में एक अलग हेल्प डेस्क बनाई गई है। डॉ. गोयल ने बताया कि हम पहली मेरिट लिस्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और जैसे ही यह हमें मिलेगी, हम इसे कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर लगा देंगे, ताकि कॉलेज आने वाले विद्यार्थी मेरिट लिस्ट में अपना सीरियल नंबर और नाम स्पष्ट रूप से देख सकें।