संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। शहर में चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने एसपी आस्था मोदी के निर्देश पर सख्त रुख अपना रखा है। शहर में अलग-अलग स्थानों पर रहने वाले अजनबी और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों को जांचने के लिए शुक्रवार सुबह पांच बजे ऑपरेशन शुरू हुआ।
इसके तहत थाना प्रभारी रामनिवास शर्मा की अगुवाई मेंं भारी पुलिस दल ने विभिन्न हिस्सों में जाकर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, पूछताछ और दस्तावेजों की जांच की। पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर डेरा डालते हुए अजनबी लोगों से भी पूछताछ की।
इस दौरान कई लोगों से उनकी पहचान के दस्तावेज दिखाने को कहा गया। एसएचओ ने बताया कि कुछ समय से कलायत क्षेत्र में चोरी की कई वारदातें सामने आई हैं। इसमें मुख्य रूप से रात के समय दुकानों को निशाना बनाया गया। संदिग्धों की पहचान के लिए स्थानीय सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।
पुलिस के इस ऑपरेशन का उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना और अपराधियों पर नकेल कसना है। थाना प्रबंधक ने बताया कि ये अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देती है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। पुलिस की इस मुहिम की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है और सहयोग का भरोसा दिलाया है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास हो रही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस टीम हर उन पहलुओं पर बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है जिससे दुकानों में चोरी करने वाले गैंग का सुराग लग सके।