कलायत। शाम होते ही कलायत नगर की सभी सड़कों व गलियों में गोवंश का कब्जा हो जाता है, जिसके कारण से रेलवे रोड़ पर यातायात पूरी तरह से बाधित रहता है। इनकी वजह से कई दोपहिया वाहन चालक जख्मी हो गए। इसके अलावा गोवंश भी कई बाद दुर्घटना में जख्मी हो जाता है।
राजेंद्र, ईश्वर, तन्नू भारती, रोशन, दयाशंकर आदी ने कहा कि ऐसा कुछ ही समय पूर्व हुआ है कि भारी संख्या में गोवंश सड़कों पर दिखाई देने लगा। इन लोगों का मानना है कि अन्य गांवों के लोग गोवंश को पकड़कर कलायत में छोड़ जाते है। आवारा गोवंश खाने की तलाश में सड़कों पर घूमता है। इससे पूर्व भी नगर के युवाओं ने अभियान चला कर सड़कों पर घूमने वाले आवारा गोवंश को गोशाला पहुंचाया था।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर पाॅलीथिन और कचरा खाते गोवंश के संरक्षण के लिए कदम उठाए। नगरपालिका सचिव पवन शर्मा ने कहा कि नपा द्वारा कई बार अभियान चला कर नगर को आवारा गोवंश से मुक्त करवाया जा चुका है। कुछ समय के बाद फिर से सड़कों व गलियों में गोवंश का जमावड़ा देखने को मिल जाता है। उन्होंने पशुपालकों से आग्रह किया कि वे अपने गोवंश को अपने घरों में बांध कर रखें।