Step-father arrested for seven-month-old's murder
- फोटो : Kaithal
गांव रोहेड़ा में मुर्गी फार्म पर मजदूरी करने वाले एक परिवार के सात माह के मासूम की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को उसके सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महज इसीलिए मुंह दबाकर मासूम बच्चे की हत्या कर दी थी कि कहीं वह उसके होने वाले बच्चों के लाड़-प्यार में बाधा न बने। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सीआईए-2 पुलिस थाने में डीएसपी कलायत सुनील कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार के दरभंगा के गांव डरिया निवासी काजल देवी की शिकायत अनुसार 2017 में उसकी शादी गांव जजवार जिला मुजफ्फरपुर बिहार निवासी विजय कुमार के साथ हुई थी। करीब एक साल पहले उनका तलाक हो गया। जब तलाक हुआ था तो वह गर्भवती थी। सात महीने पहले उसे बेटा पैदा हुआ। उसका नाम उसने पीयूष रख दिया। उसके बाद उसकी पहचान गांव डरिया जिला दरभंगा बिहार निवासी रोशन यादव के साथ हुई। करीब तीन माह पहले उसने रोशन यादव से लव मैरिज की थी। शादी के बाद वे दोनों साथ रहने लगे। करीब 5-6 दिन पहले काजल और उसका दूसरा पति रोशन दिल्ली से हरियाणा में आ गए और गांव रोहेड़ा में वहां के निवासी प्रवीन के मुर्गी फार्म पर काम करने लगे। 18 अप्रैल को उसका पति रोशन दोपहर के समय पीयूष को दूध पिला रहा था, लेकिन बच्चे ने दूध नहीं पीया। इस बारे काजल ने फार्म के मालिक को बताया। मालिक प्रवीण कुमार तुरंत कार लेकर आए और बच्चे के इलाज के लिए अपने दूसरे नौकर संजू व सुनीता के साथ राजौंद निजी अस्पताल में गए। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत करार दे दिया। वे वापस मुर्गी फार्म पर आ गए। जब वे फार्म पर पहुंचे तो रोशन नहीं मिला। इस बारे महिला ने राजौंद थाना में शिकायत दी। साथ ही महिला ने आरोप लगाया कि उसके बच्चे की हत्या आरोपी रोशन ने ही मुंह दबाकर की है।
डीएसपी ने बताया कि बाद में आरोपी ने फार्म के मालिक के सामने आकर कबूल कर लिया कि उसी ने बच्चे की हत्या की है। पुलिस ने फार्म पर जाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने कहा कि आरोपी ने हत्या इसीलिए की है कि कहीं यह बच्चा उसके होने वाले बच्चों के लाड़ प्यार में बाधा न बनें। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।