कैथल। गांव कैलरम स्थित बाबा ठंडू नाथ के मंदिर में बाबा ठंडू नाथ की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बीते एक सप्ताह से कार्यक्रम चल रहा है। शनिवार को बाबा ठंडू नाथ के 131 फुट ऊंचे मंदिर पर स्टील का छत्र चढ़ाया। यह छत्र 11 फुट ऊंचा है। जिसे ग्रामीणों ने राजस्थान अलवर से तैयार करवाया।
सरपंच महाबीर ने बताया कि मंदिर पर चढ़ाए जाने वाले छत्र की कीमत 41000 रुपये है। छत्र चढ़ाए जाने से पहले मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ में आहुति डाली गई और सुख समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद मंदिर में भंडारा लगाया गया।
इसमें गांव के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। 27 मार्च को शंख ढाल का कार्यक्रम है। रात को गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है। इसमें कई हरियाणवी गायक पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि 28 मार्च को भंडारा के बाद विदाई कार्यक्रम होगा। भंडारे में एक लाख से अधिक लोगों के लिए भोजन तैयार करवाया गया है। इसके लिए 12 एकड़ भूमि में टेंट लगाया गया है। इसमें अलग अलग तीन भाग बनाए गए हैं। एक में महिलाएं, दूसरे में पुरुष व तीसरे में साधु संत समाज के लोग बैठ कर प्रसाद ग्रहण करेंगे। इस अवसर पर महंत सोमवार नाथ, राजनाथ, विजयनाथ, गांव तितरम के सरपंच महाबीर, पूर्व चेयरमैन रामदिया, पूर्व सरपंच पवन, पूर्व सरपंच अजमेर कैलरम, वेदपाल तितरम, अमरजीत, बलदेव, पाला राम व भाकियू के जिला सचिव जोगिंद्र सिंह कैलरम मौजूद रहे।