संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। अगोंध गांव में मंगलवार को आयोजित रात्रि प्रवास कार्यक्रम के दौरान डीसी प्रीति ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से नशा, कन्या भ्रूणहत्या आदि सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सहयोग भी मांगा।
उन्होंने कहा कि अपराध के खात्मे में सहयोग हर व्यक्ति की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे बच्चों को नशे से दूर रखकर उन्हें खेलों से जोड़ें ताकि युवाओं को सही दिशा मिले।
डीसी प्रीति ने कहा कि सुदृढ़ एवं विकसित समाज के निर्माण में आमजन की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। अधिकारी सुनिश्चित करें कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन व नशा विरोधी अभियान सहित अन्य जागरूकता कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोग भाग लें। इस दौरान एसपी राजेश कालिया, एसडीएम गुहला कैप्टन प्रमेश सिंह व अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
डीसी ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में सुझाव पेटिकाएं लगाई गई हैं। गांव वासी यदि भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराईयों के संबंध में सूचना देना चाहते हैं तो वे बिना अपना नाम लिखे भी शिकायत सुझाव पेटिका में डाल सकते हैं।
डीसी ने कहा कि गांव में टीबी जैसी गंभीर बीमारियों से पीडि़त मरीजों को अलग थलग न करके उनकी उचित देखबाल करें। यदि महिला टीबी की मरीज है तो सुनिश्चित करें कि वे खाना बनाते समय मास्क का प्रयोग करें और इन्हें समय-समय पर आराम करने का अवसर भी प्रदान करें।
डीसी ने लोगों का आह्वान किया कि वे यातायात नियमों का पालन करें। गांव के युवा बाइक चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें और स्वयं गांव वासी इस बात का ध्यान रखें कि कार्यों के लिए नाबालिग बच्चों से वाहन न चलवाएं।
इस मौके पर एसपी राजेश कालिया ने कहा कि प्रशासन आपके घर द्वार पहुंचा है, ताकि समस्याओं का समाधान आपके गांव में ही करवाया जा सके। नशा आज के समय में गंभीर सामाजिक बुराई है। यदि कोई गांव वासी नशे सहित किसी अन्य समस्या के बारे में सूचना देना चाहता है तो वह उनके मोबाइल व गुप्त पत्र लिखकर सूचित कर सकता है। ऐसे व्यक्ति का नाम पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।
एसपी ने कहा कि कोई व्यक्ति यह न समझे कि उसका परिवार सही है। यदि पड़ोस में कोई अवैध कार्य हो रहा है तो इसकी सूचना पुलिस को दें, क्योंकि अपराध किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे समाज को प्रभावित करता है। इस मौके पर एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह, डीडीपीओ कंवर दमन, बीडीपीओ समिता, सीएमओ रेणू चावला के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।