कैथल। समाज कल्याण विभाग की ओर से करीबन 1600 पेंशनधारकों की पेंशन को होल्ड किया गया है, इसके पीछे दस्तावेजों में खामी को कारण बताया जा रहा है। करीब दो माह से पेंशन रुके होने की वजह से लाभार्थियों की टेंशन बढ़ रही है। वह रोजाना दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं कि उनकी पेंशन क्यों नहीं आ रही। इसके बदले उन्हें कर्मचारी दस्तावेजों में कमी को दुरुस्त कराने की बात कह कर लौटा रहे हैं।
दस्तावेज में खामी दूर होने के बाद ही पेंशन जारी होगी। कर्मचारियों की ओर से इन पेंशनधारकों की पेंशन इनके खाते संबंधी सरकारी दस्तावेज की जांच चली हुई है। परिवार पहचान पत्र, आधार सेवाओं, पैन कार्ड, बैंक खाते, आय संबंधी व अन्य किसी फार्म में त्रुटि पाई गई है, इसके कारण बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेंशन रुकने से सीनियर सिटीजन लोगों के सामने रोजमर्रा के खर्च चलाने का संकट खड़ा हो गया है, इनमें बुढ़ापा पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन पाने वाले लाभार्थी शामिल है। पेंशन रुकने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लाभार्थी जिला समाज कल्याण कार्यालय पहुंचने लगे हैं। कार्यालय में सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं। अधिकतर लाभार्थी बुजुर्ग हैं, जिन्हें इस ठंड के मौसम में घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है। कई महिलाओं व दिव्यांगों ने बताया कि पेंशन ही उनकी आय का एकमात्र साधन है, इसके रुकने से दवा, राशन और बिजली-पानी जैसे जरूरी खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है।
दस्तावेज समय रहते अपडेट कराएं
विभाग ने पेंशनधारकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अपने जरूरी दस्तावेज समय रहते अपडेट कराएं, इसके लिए विभाग द्वारा कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है, ताकि लोगों को परेशानी न हो। वहीं लाभार्थियों की मांग है कि बुजुर्गों को राहत देते हुए दस्तावेज अपडेट की प्रक्रिया को और सरल बनाया जाए, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति की पेंशन बंद नहीं की गई है, बल्कि केवल जांच पूरी होने तक राशि होल्ड की गई है। विभाग के अनुसार जिन लाभार्थियों के दस्तावेज अधूरे हैं या जिनका सत्यापन लंबित है, उन्हें कागजात अपडेट कराने के बाद पुनः पेंशन जारी कर दी जाएगी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद रोकी गई राशि भी खाते में डाल दी जाएगी।
किसी भी व्यक्ति की पेंशन बंद नहीं की गई यह केवल जांच पूरी होने तक पेंशन राशि होल्ड की गई है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद रोकी गई राशि भी खाते में डाल दी जाएगी। विभाग ने यह कार्रवाई दस्तावेजों में कमी और सत्यापन न होने पाए जाने के कारण की है। आधार कार्ड, बैंक खाते, आय प्रमाणपत्र, जीवनप्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी कागजात अपडेट न होने पर पेंशन को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
- अमितेंद्र श्योकंद, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, कैथल