01-कैथल। डंपिंग यार्ड में लगी आग से निलता धूंआ।
- फोटो : Kaithal
कैथल। खुराना रोड पर स्थित डंपिंग यार्ड में आग से सुलग रहा कचरा लोगों की परेशानी का सबब है। दो-तीन दिनों से लगातार यही हालात रहे। जब किसानों ने आवाज उठाई तो दमकल विभाग की गाड़ी की मदद से आग पर काफी हद तक काबू पाया गया। हालांकि अभी भी उठ रहे धुएं से लोग परेशान हैं। लोगों ने कहा कि किसान के खेतों में आग मिले तो जुर्माना किया जाता है और यहां के दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जा रही।
कचरे में लगी आग से सड़क से गुजरने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसके बावजूद जिम्मेदार लोगों ने इसे बुझाने का कोई प्रयास नहीं किए। पास के गामड़ी निवासी लोगों ने कहा कि रात भर जहरीला धुआं उनके घरों की ओर आता रहा। गांव खुराना निवासी जीत मलिक ने कहा कि डंपिंग प्लांट से जहरीला धुआं निकल रहा है। खेतों में जो मजदूर काम करने के लिए आते हैं, उन्होंने काम करने तक से इनकार कर दिया। गांव वासी दयाल सिंह ने कहा कि उनका खेत डंपिंग यार्ड के बिल्कुल सामने हैं। यहां से मजदूर भी चले गए। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को सूचित किया पर नतीजा सिफर रहा।
उन्होेंने कहा कि यदि किसान खेत में आग लगा देता है तो उस पर भारी जुर्माना किया जाता है लेकिन यहां डंपिंग यार्ड में गंदगी जल रही है, इसमें भी दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। कालूवाली गामड़ी निवासी एक व्यक्ति ने कहा कि पूरे गांव में जहरीला धुआं फैला हुआ है। दो दिन से परेशान हैं। इस संबंध में जिला फायर ऑफिसर गुरमेल सिंह ने कहा कि आंधी से डंपिंग यार्ड में आग लग गई थी। इसमें कचरे में गहराई तक आग पहुंच गई है। आग को करीब 80 प्रतिशत तक काबू पा लिया गया है। जल्द ही पूरी तरह से आग को बुझा दिया जाएगा।