कैथल। डेंगू व मलेरिया रोकने के लिए जारी अभियान में विभाग ने शनिवार से बुखार से पीड़ित लोगों के रक्त की जांच शुरू कर दी है। इसके तहत शनिवार को विभाग की टीम ने गांव तितरम व सहारन में 25 लोगों के रक्त के नमूने लिए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया।
गौरतलब है कि जिले में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से डेंगू व मलेरिया की जांच को लेकर घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। इस कार्य में सक्षम योजना के 30 युवाओं की जिम्मेदारी भी लगाई गई है। सर्वे के कार्य के तहत जिलेभर में घरों में रखे फ्रिज, कूलर, टायर, गमले, टंकियों में बरसात का पानी जमा न होने देने की हिदायतें दी जा रही है। इसके साथ ही लारवा को खत्म करने के लिए दवा नालियों में डाली जा रही है। गांवों में तालाबों में विभाग गंबुजिया मच्छलियां भी डाल रहा है।
डेंगू व मलेरिया के नोडल अधिकारी व डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. नीरज मंगला ने कहा कि डेंगू व मलेरिया रोकने के लिए विभाग सतर्क है। इससे बचने के लिए की जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जा रहा है। वे सभी लोगों से अपील करते हैं कि अपने घरों के आस-पास सफाई का खास ध्यान रखें। बरसात के मौसम में कहीं भी जल भराव न होने दें। यदि परिवार के किसी सदस्य को बुखार आता है तो अच्छे डॉक्टर से जांच करवाएं।