संवाद न्यूज एजेंसी
पाई। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से राजौंद–पूंडरी मार्ग से सिसमोर तक जाने वाली सड़क की हालत तुरंत सुधारने की जोरदार मांग की है। उनका कहना है कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिसके कारण इस मार्ग पर आवागमन बेहद जोखिमपूर्ण हो गया है।
यह सड़क न केवल आसपास के गांवों का प्रमुख मार्ग है, बल्कि इसके किनारे स्थित कई सरकारी व निजी स्कूलों तक रोजाना सैकड़ों बच्चे साइकिल या पैदल आते-जाते हैं। खराब सड़क उनकी सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन चुकी है।
ग्रामीण संजय, दिलबाग, कृष्ण, करेशन, रामकुमार और राजेश ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण हर पल दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। छोटे वाहन और साइकिलें अक्सर फिसल जाती हैं, जिससे कई बार बच्चे और राहगीर घायल हो चुके हैं।
सड़क की हालत इतनी बदहाल है कि वाहन चालकों के लिए भी यह मार्ग बेहद खतरनाक बन चुका है। इसके बावजूद कुछ वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि खराब सड़क के कारण न केवल स्कूल जाने वाले बच्चों को जोखिम उठाना पड़ रहा है, बल्कि गांववासियों के लिए भी रोजमर्रा का आवागमन मुश्किल हो गया है। कई बार गड्ढों में फंसकर वाहन पलट जाने के मामले भी सामने आए हैं।
उन्होंने कहा कि खराब सड़क का असर अब उनकी दैनिक जीवनचर्या पर भी पड़ रहा है। मरीजों को अस्पताल ले जाने के दौरान देरी होना आम बात हो गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत संज्ञान लेकर सड़क को दुरुस्त करवाए, ताकि दुर्घटना और असुविधा से लोगों को राहत मिल सके।