कलायत। शहर में स्कूल बचाओ अभियान टीम की ओर से सरकारी स्कूल की बेहतरी की मांग के लिए जन अभियान चलाया गया। टीम से जगविंदर सिंह ने बताया कि इस समय देश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग स्कूलों के छात्र अपनी बेहद जायज और न्यूनतम मांगों के लिए आंदोलन कर रहे हैं।
जगविंदर सिंह ने बताया कि इसी क्रम में स्कूल बचाओ अभियान के तहत राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के लिए पर्याप्त संख्या में डेस्क उपलब्ध करवाने की मांग के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है। अभियान से छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों और लोगों से इस मांग के समर्थन में हस्ताक्षर करने की अपील की जा रही है। विद्यालय में 500 से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं जबकि उनके बैठने के लिए केवल 50 डेस्क उपलब्ध हैं। डेस्कों की भारी कमी के कारण अनेक छात्राओं को फर्श पर या अन्य असुविधाजनक परिस्थितियों में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।
नौजवान भारत सभा के अजय आशु ने कहा कि संगठन इन छात्राओं की जायज मांगों का पूर्ण समर्थन करता है। सरकार शिक्षा व्यवस्था पर पर्याप्त खर्च करने के दावे करती है, लेकिन दूसरी ओर बड़ी संख्या में सरकारी स्कूल शिक्षकों और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं।