संवाद न्यूज, एजेंसी
कैथल। सोमवार देर रात नरवानियां बिल्डिंग स्थित बाजार की एक दुकान में हुए हंगामे के मामले में मंगलवार सुबह बाजार के दुकानदार एकत्रित हो गए। घटना के विरोध में दुकानदारों ने कुछ समय के लिए दुकानें बंद रखीं
और रोष जताया। इसके बाद दुकानदार और दूसरे पक्ष के लोग शहर थाना पहुंचे, जहां पुलिस की मध्यस्थता में पंचायत करवाई गई।
थाने में महिला के पिता और चाचा ने दुकानदार से माफी मांगी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। व्यापार मंडल कैथल के अध्यक्ष सिकंदर गुप्ता ने कहा कि दुकानदार का इस मामले में कोई कसूर नहीं था। दुकानदार सभी ग्राहकों को समान नजर से देखता है। दोनों पक्षों के बीच बैठकर आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गीता ने बताया कि रात को बाजार में लड़ाई-झगड़े की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सुबह दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत करवाई गई, जिसके बाद समझौता हो गया।
गौरतलब है कि सोमवार देर रात नरवानियां बिल्डिंग स्थित बाजार की एक खिलौनों की दुकान पर जमकर हंगामा हुआ था। रात करीब साढ़े आठ बजे एक महिला अपने दो भाइयों और एक बच्चे के साथ दुकान पर पहुंची थी। यहां खिलौने के 50 रुपये के दाम को लेकर दुकानदार से विवाद हो गया। महिला ने आरोप लगाया था कि दुकानदार ने उसके भाई के साथ मारपीट की है।
हंगामे के बाद मौके पर लोगों और आसपास के दुकानदारों की भीड़ जुट गई थी। दुकानदार का आरोप था कि हंगामे के दौरान दुकान में रखा काफी सामान तोड़ दिया गया। सूचना मिलने पर डायल 112 और शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने स्थिति को शांत करवाया और दोनों पक्षों से शिकायत ली। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई थी।