संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। मटौर रोड पर जमीन पर खुले पड़े बिजली के तारों में आ रहे करंट की चपेट में आकर वीरवार की सुबह एक भेड़ की मौत हो गई। जैसे ही इंदिरा कॉलोनी निवासी पशुपालक सत्यवान सिंह मदद के लिए दौड़े तो उन्हें भी करंट लगा लेकिन वह बाल-बाल बच गए। मौके पर पहुंचे सुरेंद्र वैद्य ने उन्हें बचा लिया।
उन्होंने पशुपालक और पशुओंं के समूह का बचाव करते हुए घटना स्थल से दूर हटाया। तत्काल घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए पशुपालक के बयान रिकॉर्ड किए। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौका स्थल पर पहुंचे। लोगोंं में लोक निर्माण विभाग की बिजली विंग के खिलाफ भारी रोष था।
उन्होंने कहा कि अधिकांश समय लाइटें बंद रहती हैं जबकि बिजली के खुले तार हादसे को निरंतर न्योता देते रहते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में सीएम विंडो पर शिकायत देने का भी फैसला सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लिया।
युवा समाज सेवी सुरेंद्र वैद्य ने कहा कि पशु पालक को बिजली हादसे के कारण बड़ी हानि पहुंची है। घटना के संबंध में कलायत थाना प्रभारी रामनिवास नेे बताया कि मटौर रोड हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची। टीम ने हालातों की जांच करते हुए पशु पालक के बयान रिकॉर्ड किए। नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।