संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस की टीमों ने मंगलवार की सुबह विभिन्न क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन के तहत संदिग्ध नशा तस्करों के घरों में सघन जांच की। थाना प्रबंधक कलायात एसआई जयभगवान व एसएचओ थाना तितरम एसआई कृष्ण की अगुवाई में दो टीमों में शामिल करीब 30 पुलिस कर्मचारियों ने सैंसी बस्ती कलायत में सर्च ऑपरेशन चलाया।
इसके तहत करीब 10 संदिग्ध घरों की जांच सहित अन्य जगह की छानबीन की गई कि कहीं किसी जगह कोई मादक पदार्थ छीपा रखा हो या कोई नशा बेचने वाला या अपराधिक कार्य करने वाला गैर कानूनी तरीके से न रहता हो।
एसपी राजेश कालिया ने कहा कि सुबह-सुबह चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करना व अपराधियों में भय उत्पन्न करना है। कहा कि इस अभियान में मुख्य रूप से नशे का कारोबार करने वालों और आपराधिक कार्यों में शामिल आरोपी जो गैर कानूनी तरीके से रह रहे हों पर शिकंजा कसना है, जिला पुलिस का उद्देश्य कैथल जिला को नशा मुक्त बनाना है।
इसके साथ साथ पुलिस द्वारा सर्च ऑपरेशन के अलावा वहां मौजूद आमजन को समझाया गया कि किसी प्रकार के मादक पदार्थ बेचने वाले या अन्य किसी अपराधी के बारे में पुलिस को सूचित करें, सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा, इसके साथ साथ नशा ना करने बारे भी जागरूक किया।
पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा और इससे या तो अपराधिक व्यक्ति अपराध करना छोड़ देगा या वह कैथल के क्षेत्र को छोड़ देगा।