कैथल। पूंडरी में नैना-फतेहपुर रोड पर अज्ञात वाहन चालक ने एक स्कूटी सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटी चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नैना निवासी रामकुमार के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में नैना निवासी जिले सिंह ने बताया कि वह सब्जी मंडी पूंडरी में मेहनत मजदूरी का काम करता है। उसके पिता रामकुमार भी सब्जी मंडी में फड़ी लगाकर सब्जी बेचने का काम करते हैं।
19 जनवरी को उसके पिता रोजाना की तरह काम निपटाकर शाम करीब 6 बजे शाम को अपनी स्कूटी पर सवार होकर घर जा रहे थे। जब नैना फतेहपुर रोड पर ध्रुव पब्लिक स्कूल से थोड़ा आगे पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन चालक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। वे इलाज के लिए उन्हें कैथल अस्पताल लेकर गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।