कैथल। संस्कृति मॉडल और आरोही विद्यालयों में खेल नर्सरियां शुरू करने के लिए खेल विभाग आवेदन ले रहा है। आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 25 फरवरी तय की गई है।
प्रदेश में इस बार 1100 खेल नर्सरियां शुरू की जानी हैं। प्रदेश भर में 500 खेल नर्सरियां प्रशिक्षण केंद्रों पर और 600 निजी संस्थाओं में खोली जाएंगी। निजी संस्थानों में नर्सरी के लिए आवेदन लिए जा चुके हैं और आवेदनों की सूची मुख्यालय भेज दी गई है। अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर तीसरी बार नर्सरी के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इस बार नर्सरी लेने के लिए मॉडल संस्कृति और आरोही विद्यालय ही आवेदन कर सकते हैं। इन विद्यालयों में खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए यह फैसला लिया गया है। आवेदन को लेकर विभाग की ओर से नियम तय किए हुए हैं। विद्यालय में सेकेंडरी स्तर की शिक्षा होनी चाहिए। जिस खेल की नर्सरी के लिए आवेदन किया जाएगा, उस खेल का मैदान और खेल का सामान होना चाहिए। चयनित 25 विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा देनी होगी। एक विद्यालय में दो से ज्यादा नर्सरी नहीं दी जाएगी। नर्सरी में खिलाड़ियों का चयन करने के लिए जिला खेल विभाग के प्रशिक्षक मौजूद रहेंगे। जिला खेल अधिकारी सुधा भसीन ने बताया कि मॉडल संस्कृति और आरोही विद्यालयों में खेल नर्सरी खोलने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। विद्यालय संचालक 25 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं।