प्रतियोगिता में जीत दर्ज करने वाली छात्राएं अध्यापकों व कृषि अधिकारियों के साथ। विज्ञप्ति
कलायत। कृषि विभाग की ओर से राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलायत में पराली प्रबंधन पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर डॉ. जोगिंदर, असिस्टेंट टेक्नोलॉजी मैनेजर डॉ. रमेश सामध्यान, एटीएम राजेश मोर एवं सूर्यकांत की ओर से विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच चित्रलेखन प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई गईं। इसमें सलोनी प्रथम, राधिका द्वितीय व अंजलि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया और अन्य प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि फसल अवशेष खेत के लिए समस्या नहीं, बल्कि उचित प्रबंधन के माध्यम से उपयोगी संसाधन बन सकते हैं। फसल अवशेषों को जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण, मृदा स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव और मित्र कीटों को होने वाले नुकसान के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपने परिवार व आसपास के किसानों को भी फसल अवशेष न जलाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि बच्चे समाज में जागरूकता फैलाने के प्रभावी माध्यम हैं। इस अवसर पर गुरनाम सिंह ने पराली न जलाने की शपथ बच्चों को दिलाई। इस अवसर पर रेणु एवं जसविंदर कौर अध्यापिकाएं उपस्थित रही।
प्रतियोगिता में जीत दर्ज करने वाली छात्राएं अध्यापकों व कृषि अधिकारियों के साथ। विज्ञप्ति