संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। महाशिवरात्रि रविवार को है और शनिवार को प्रदोष व्रत था। इस प्रकार श्रद्धालुओं को दो दिन लगातार भोले बाबा की पूजा का खास अवसर मिला है। महाशिवरात्रि की तैयारी के लिए शनिवार को शहर के बाजारों में खासकर पूजा सामग्री और फलों की दुकानों पर दिनभर भीड़ दिखाई दी।
पूजा सामग्री की दुकानों में तांबे की लुटिया, गूगल धूप, चंदन, शहद आदि की खरीदारी जोरों पर रही। बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही की भी बिक्री की गई। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए दुकानदारों ने सेंधा नमक, चौलाई के लड्डू और अन्य व्रत सामग्री भी विशेष रूप से मंगवाई थी।
शहर के मुख्य बाजार, पुराना बस स्टैंड क्षेत्र, रेलवे गेट और मॉडल टाउन स्थित दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की आवाजाही बनी रही। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया है और ग्राहकों को लुभाने के लिए विशेष छूट के बोर्ड भी लगाए थे।
तांबे की लुटिया की मांग अधिक ः पूजा सामग्री विक्रेता संजय कुमार ने बताया कि इस बार तांबे की लुटिया की मांग सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पर शिवलिंग के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु तांबे की लुटिया खरीदना शुभ मानते हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बिक्री में लगभग 30 से 40 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि तांबे की लुटिया 150 रुपये से लेकर 600 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध है, जिसकी कीमत आकार और वजन के अनुसार तय होती है। इसके अलावा गूगल धूप की भी जमकर बिक्री हो रही है। दुकानदार राजेश गोयल ने बताया कि शिव पूजा में गूगल धूप का विशेष महत्व है। श्रद्धालु अगरबत्ती के साथ-साथ गूगल धूप भी खरीद रहे हैं।
पूजा सामग्री खरीदने आई श्रद्धालु रेखा शर्मा ने बताया कि वे हर वर्ष पूरे परिवार के साथ शिवरात्रि का व्रत रखती हैं। वहीं युवा श्रद्धालु मोहित ने बताया कि वह पहली बार स्वयं पूजा की तैयारी कर रहे हैं, इसलिए तांबे की नई लुटिया और गूगल धूप खरीदी है।
शृंगार के लिए बेलपत्र और फूलों की मालाओं की खरीदारी
सब्जी मंडी और फूल बाजार में भी सुबह से ही भीड़ देखने को मिली। बेलपत्र के बंडल 20 से 50 रुपये में बिक रहे हैं। फूल विक्रेता समीर ने बताया कि उन्होंने सुबह छह बजे से ही दुकान सजा ली थी। श्रद्धालु बड़ी संख्या में बेलपत्र, फूलों की मालाएं और धतूरा खरीद रहे हैं। धार्मिक मान्यता है कि भगवान भोले शंकर को बेलपत्र और धतूरा अत्यंत प्रिय हैं।तांबे की लुटिया और गूगल धूप की बिक्री बढ़ी