संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरकेएसडी कॉलेज में शुक्रवार को हुई जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर काफी नाराजगी जताई। शिकायत निवारण पर ढुलमुल रवैया देखकर नाराज मंत्री बोले कि यहां सिस्टम ही नहीं सुधर रहा है। अब मैं आ गया हूं तो इसे जल्द सुधारूंगा। वहीं, इस बैठक में पांच से सात साल पुराने मामले आने पर विज ने नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को बुलेट ट्रेन युग में लेकर जाना चाहते हैं लेकिन कुछ विभाग आज भी बैलगाड़ी की रफ्तार से चल रहे हैं। क्या मैं 2025 में युग में आ गया हूं, लेकिन मुझे ऐसा नहीं लग रहा, मुझे तो ऐसा लग रहा है कि मैं अभी भी 20 से 21 साल पुराने युग में हूं।
विज ने बिजली मीटर पर पूछे सवाल पर कहा कि ऊर्जा विभाग के माध्यम से स्मार्ट मीटर लगाने जा रहे हैं, जिसमें दोनों तरह की सुविधा होगी। एक किसान की ओर से आत्महत्या करने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि किसानों का धरना पंजाब की धरती पर चल रहा है और किसान पंजाब की धरती पर बैठे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है, और न मुख्यमंत्री भगवंत मान ने और न उनके किसी मंत्री ने किसानों का हाल जाना, जबकि वहां पर किसान नेता डल्लेवाल आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। विज बोले- शक होता है, कहीं यह किसी अनहोनी होने का इंतजार तो नहीं कर रहें ताकि अनहोनी हो और ये अपनी राजनीति का खेल खेल सके।
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के मुरझाए हुए, लटके हुए चेहरे नजर आ रहे हैं, उससे अच्छी प्रकार से अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम आदमी पार्टी अपनी हार को मान चुकी है।
उन्होंने आप नेताओं से पूछा कि क्या यूपी या बिहार के लोग बिकाऊ हैं? बताया कि वह यूपी, जिसने रामचंद्र दिए, कृष्ण जी दिए और जिन्होंने सारी दुनिया में जाकर उपदेश दिए। इसी प्रकार वह बिहार जहां से बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ और सारे विश्व में जिन्होंने ज्ञान फैलाया। क्या आज यूपी और बिहार के लोग आम आदमी पार्टी के लिए बिकाऊ लोग बन गए।
जब बिजली गई तो...
बैठक में अचानक बिजली चली जाने की सूचना पर मंत्री ने बिजली निगम के एक्सईएन को भी कड़ी फटकार लगाई। जब मंत्री ने एक्सईएन से कहा कि बिजली चली गई है। तब एक्सईएन बोले- यहां की बिजली जेनरेटर पर हैं। मंत्री ने जवाब में कहा कि लोगों को अपने जेनरेटर पर विश्वास है। आपको शर्म आनी चाहिए, इतनी देर से लोग अपनी बात नहीं बता पा रहे हैं। आप खुद कर रहे हैं, ध्यान रखो।
हुड्डा-हुड्डा कहने पर विज ने ली चुटकी
एक मामले में मंत्री ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्लॉट की शिकायत के संबंध में विभाग के एसीएस चंद्रशेखर से फोन पर बातचीत की और समस्या के जल्द समाधान करवाने के निर्देश जारी किए। इसी मामले में अधिकारी के हुड्डा विभाग कहने पर मंत्री ने चुटकी लेेते हुए कहा कि अब हुड्डा बार-बार न कहें। यह सुनकर वहां बैठे लोगों के चेहरे खिल गए।
वो पार्टी के एक कार्यकर्ता हैं...
एक सवाल के जवाब में विज ने कहा कि वे पार्टी के एक कार्यकर्ता हैं, उन्हें एक भी विभाग न दिया जाए तो भी वे काम कर लेंगे। जो उनकी ड्यूटी लगती है उसका मैं निर्वहन करता हूं।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर डीसी प्रीति, एडीसी दीपक बाबू लाल करवा, जिला परिषद अध्यक्ष कर्मबीर कौल, जिला भाजपा अध्यक्ष मुनीष कठवाड़, भाजपा जिला महामंत्री सुरेश संधू, डीएमसी सुशील कुमार, गुहला एसडीएम कृष्ण कुमार, एचएसवीपी के ईओ वकील अहमद, कैथल एसडीएम अजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
-फोटो 58 : कार्यक्रम का शुभारंभ करते मुख्यातिथि डॉ. राजेश कुमार व साथ मौजूद प्राचार्य। स्रोत कॉ