संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से योग गुरु बाबा रामदेव की ओजस्वी साध्वी देववाणी और साध्वी देवगरिमा ने बुधवार को ताऊ देवीलाल पार्क में योग शिविर लगाया। यहां पहुंचने पर साध्वियों का राज्य प्रभारी अमर राविश, निधि, बीरभान, अनिल कुमार आदि ने फूलमालाओं के साथ स्वागत किया।
साध्वी देववाणी और देवगरिमा ने अपनी ओजपूर्ण वाणी से आप ने हम सभी को जीवन के मानवीय मूल्यों का बोध कराया और बताया कि एक गृहस्थ को अपने जीवन में किस प्रकार पांच यज्ञों का पालन करते हुए एक उच्च कोटि का जीवन जीना है और अपने समाज को बेहतर बनाना है। उन्होंने बताया कि योग के माध्यम से ही हम स्वस्थ रहकर समाज व देश सेवा का कार्य कर सकते हैं। यदि हम स्वयं स्वस्थ नहीं होंगे तो देश व समाज के बारे में सोच भी नहीं सकेंगे।
उन्होंने कहा कि आज की भागमभाग की जिंदगी में हमें योग ही शांति दिला सकता है। आज हम देखते हैं कि करोड़ों रुपये हासिल कर भी मनुष्य स्वयं को खाली सा महसूस करता है व हर समय दुख व टेंशन में नजर आता है। यदि हम नित्यप्रति योग व प्राणायाम करेंगे तो हम साधन व शांति के मार्ग पर आगे बढ़ सकते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने साधकों को विभिन्न तरह के योगासन करवाए तथा उनके फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर सूबे सिंह राविश, तहसील प्रभारी बीरभान, प्रमोद शर्मा, नरेश कुमार आदि उपस्थित थे।