शहर की नई सब्जी मंडी में अव्यवस्थाओं का आलम है। मंडी के अंदर और बाहर अतिक्रमण इस प्रकार फैला हुआ है कि लोगों को पैदल चलने के लिए भी सही ढंग से रास्ता नहीं मिल रहा। वहीं सफाई का प्रबंध भी सही नहीं है। बूंदाबांदी के कारण मंडी में सड़कों पर कीचड़ फैला हुआ है और जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। इससे सब्जियां और अन्य सामान खरीदने के लिए आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंडी में पहुंचे रविंद्र, ज्ञानीराम, मोहन लाल, मुकेश कुमार, मनोज, तरसेम, सोनू व मनदीप सिंह ने बताया कि कुछ दुकानदार तो अपनी दुकानें बिल्कुल सड़कों पर लगाते हैं। जब कभी कोई अधिकारी मंडी में दौरा करने के लिए आता है तो ये दुकानों को थोड़ा सा हटा लेते हैं। यहां तक कि पेयजल के लिए रखी गई टंकियों और शौचालयों में जाने वाले रास्तों पर भी अवैध तरीके से दुकानें लगाई जा रही हैं। पार्किंग भी मंडी के अंदर भीड़भाड़ वाली जगहों पर की जा रही है, जिससे लोगों की आवाजाही अवरुद्ध हो रही है। बाहर की सड़कों पर कई बार तो जाम लगा रहता है।
बेसहारा पशुओं की भरमार :
दुकानदार ने ज्ञानीराम ने बताया कि मंडी में बेसहारा पशुओं की भरमार है। दर्जनों गायें और सांड मंडी में दिनभर घूमते रहते हैं। कई बार तो आपस में लड़ते हुए दुकानों में घुस जाते हैं और सब्जियों को इधर-उधर बिखेर देते हैं। अगर कोई व्यक्ति इन्हें हटाने का प्रयास करता है तो ये उसी पर हमला कर देते हैं। सांडों के हमले से मंडी के कई दुकानदार और मजदूर दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। दुकानदारों को इनसे हर समय भय बना रहता है। इन्हें पकड़ कर गोशालाओं में छोड़ना चाहिए।
हल्की सी बरसात में कीचड़ से अट जाती है मंडी :
दुकानदार रविंद्र ने बताया सफाई का प्रबंध भी मंडी में सही नहीं है। मोटा कचरा तो उठा दिया जाता है, लेकिन कुछ दुकानदार मंडी में ही गली-सड़ी सब्जियां सड़क पर डाल देते हैं, जो वाहनों और लोगों के पैरों तले आने से वहीं कीचड़ बन जाती हैं। हल्की सी बरसात में मंडी कीचड़ से अट जाती है, जिससे दापहिया वाहनों के फिसलने का डर लोगों में बना रहता है।
कार्रवाई का थोड़े समय रहता है प्रभाव :
सब्जी विक्रेता मोहन लाल ने बताया कि एक बार तो समस्याओं का समाधान कर दिया जाता है, लेकिन फिर से पहले जैसे हालात बन जाते हैं। अधिकारियों के दौरे या फिर कार्रवाई का असर थोड़े दिन ही लोगों पर रहता है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और बेसहारा पशुओं को मंडी से बाहर निकालने के लिए समय-समय पर कार्रवाई होनी चाहिए।
ज्यादातर लाइटें भी पड़ी हैं बंद :
दुकानदार पारस ने बताया कि मंडी में लाइटों की व्यवस्था भी सही नहीं है। काफी लाइटें खराब पड़ी हैं। शाम को मंडी में कई जगहों पर अंधेरा छा जाता है। ऐसे में दुकानदारों को खुद बाहर बल्ब लगाने पड़ रहे हैं। मंडी में लाइटों की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ताकि दुकानदारों और ग्राहकों को दिक्कतें न हों।
जल्द करवाया जाएगा समस्याओं का समाधान :
नगर परिषद के सचिव मोहन लाल ने कहा कि मंडी में सफाई का कार्य लगातार करवाया जा रहा है। अगर थोड़ी बहुत कमी रह जाती है तो कर्मचारियों को कहकर उसको प्रमुखता से दूर करवाया जाएगा। अतिक्रमण हटाओ अभियान चलवाकर रास्तों से सामान व वाहनों को हटावाया जाएगा। पशुओं को पकड़वाने के संबंध में भी अधिकारियों से बातचीत की जाएगी, ताकि मंडी में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।