संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पंजाब में सोमवार को बंद के आह्वान के बाद कैथल से भी पंजाब जाने वाली बसें बंद रही। हालांकि इस दौरान कुछ किसान संगठन के लोग इस बंद में शामिल होने के पंजाब के अलग-अलग जिलों में जरूर पहुंचे। वहीं, बंद के चलते पंजाब से कैथल आने वाली बसें भी पूरी तरह से बंद रही।
कैथल डिपो से पंजाब के जम्मू-कटरा, अमृतसर, पटियाला और पठानकोट के लिए बस सेवा संचालित की जाती है। इसके तहत एक समय जम्मू-कटरा, एक अमृतसर, एक पठानकोट और 15-15 समय पटियाला और संगरूर के लिए संचालित किए जाते हैं। सोमवार को पंजाब बंद के तहत जम्मू-कटरा व पठानकोट के लिए बस सेवा तो भेजी गई, लेकिन अमृतसर और पटियाला और संगरूर के लिए बस सेवा नहीं भेजी गई। इस दौरान पंजाब जाने वाली करीब 35 बसें बंद की गई।
इस पर बस स्टैंड के यातायात प्रबंधक विरेंद्र पाल स्वामी ने बताया कि मुख्यालय के आदेशों पर बंद के आह्वान पर सोमवार को कैथल डिपो से पंजाब के पटियाला और खनौरी व संगरूर जाने वाली बसों को बंद रखा गया। यह बसें किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए बंद की गई थी।
उधर, धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से कई किसान जत्थे खनोरी बॉर्डर पर जारी आंदोलन में शामिल हुए। रविवार रात को ही जत्था बॉर्डर पर पहुंच गया, मगर सुबह रवाना हुए जत्थे को बॉर्डर तक नहीं जाने दिया गया। गौरतलब है कि पंजाब के किसानों ने 30 दिसंबर को पंजाब बंद का आह्वान किया था।