गुहला-चीका। लोगों के लंबे संघर्ष के बाद बनना शुरू हुई पिहोवा सड़क निर्माण में निर्माण सामग्री को लेकर सवाल उठाकर सड़क सुरक्षा मंच ने बुधवार को धरना शुरू कर दिया। बाद में ठेकेदार ने खराब बने सड़क के टुकड़े को फिर से बनवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद मंच ने चेतावनी दी है कि सड़क निर्माण कार्य पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
मंच के सदस्यों ने डॉ. साहब सिंह संधू व एडवोकेट जीवन नैन की अगुवाई में पिहोवा रोड पर चल रहे निर्माण की जांच की तो वहां पर सड़क बनाने में घोर लापरवाही नजर आई। निरीक्षण के दौरान सदस्यों के पांव लगाने भर से वह उखड़नी शुरू हो गई। इससे नाराज होकर सड़क सुरक्षा मंच के सदस्यों ने निर्माणाधीन सड़क पर धरना शुरू कर दिया। मंच के सदस्य राजपाल राणा, नरेश ढांडा ने बताया कि हलका गुहला के लोगों ने हाड़ कंपा देने वाली सर्दी में लगातार 40 दिनों तक अनशन किया। लोगों को उम्मीद थी कि अब की बार बनने वाली सड़कें अच्छी गुणवत्ता से बनेंगी और लंबे समय तक टिकेंगी लेकिन अब जब मौके पर जाकर निरीक्षण किया तो नतीजा ढाक के तीन पात वाला रहा।
उन्होंने कहा कि संबंधित जेई को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन सड़क निर्माण में बरती जा रही लापरवाही के संबंध में वे भी बचते नजर आए। संबंधित ठेकेदार मुकेश शर्मा भी काफी देर के बाद मौके पर पहुंचे और उन्होंने माना कि उनके अधीन काम करने वाले कर्मचारियों ने सड़क निर्माण करने से पहले सफाई नहीं की। इसी कारण सड़क पांव मारने से ही उखड़ रही है। ठेकेदार ने कहा कि जहां भी बिना सफाई किए सड़क बनाई गई थी, उसे उखाड़कर दोबारा से बनाया जाएगा। यह भी कहा कि भविष्य में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सड़क बनाते समय लापरवाही न हो, वे स्वयं मौके पर रहकर निगरानी करेंगे। इसी दौरान गांव भागल, हरिगढ़ व आसपास गांव के दर्जनों लोग मौके पर जमा हो गए और उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग, सरकार व स्थानीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। मंच के प्रवक्ता धमेंद्र गोल्डी ने बताया कि सड़क सुरक्षा मंच की निगरानी समिति प्रतिदिन निर्माण कार्य पर निगाह रखेगी, किसी भी कीमत पर घटिया सामग्री का इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। जो भी भी अधिकारी और कर्मचारी इसमें लिप्त पाया गया उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करवाई जाएगी। मंच के सदस्य सोनू कंबोज, डॉ.सुरेंद्र बंसल, जरनैल जैली, मा. पूर्ण सिंह, होशियार सिंह राणा, किंद्र ठेकेदार व शेखर खट्टर भी मौजूद रहे।