संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को विकास कार्यों को नई गति मिली, जब विधायक सतपाल जांबा ने विभिन्न गांवों और वार्डों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। दिनभर चले कार्यक्रमों में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विधायक का स्वागत किया।
विधायक सतपाल जांबा ने गांव जांबा, टयोंठा, हाबड़ी, सिरसल, बदनारा, फतेहपुर, फरल, ढांड, बरोट, जड़ौला, पबनावा, कौल, संगरौली, खेड़ी साकरा और आहूं सहित कई गांवों में पहुंचकर सड़क, खेतों के रास्ते, गलियों, पार्क, चौपाल, ट्यूबवेल और शेड निर्माण जैसी परियोजनाओं की आधारशिला रखी तथा कई विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पूंडरी के विभिन्न वार्डों में गलियों के निर्माण कार्यों का शुभारंभ भी किया गया।
इस दौरान अहलूवालिया चौक से पुंडरीक तीर्थ तक सड़क निर्माण परियोजना तथा फतेहपुर क्षेत्र में गुरु ब्रह्मानंद चौक से मुंदड़ी वाली नहर तक सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा ढांड नई अनाज मंडी और कौल अनाज मंडी में शेड निर्माण कार्य शुरू किए गए, जिससे किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कई गांवों में पार्क, चौपाल और सामुदायिक स्थलों के निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया। विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर करवाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, पार्क, चौपाल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में क्षेत्र में बिना भेदभाव विकास कार्य कराए जा रहे हैं और भविष्य में भी विकास की यह रफ्तार जारी रहेगी। विधायक ने कहा कि आधारभूत ढांचे को मजबूत कर लोगों को दीर्घकालिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।