संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। जगदेव धर्मशाला में एक सप्ताह तक चली भगवान विश्वकर्मा महापुराण कथा का समापन श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ। धार्मिक आयोजन 36 बिरादरी को एकता के सूत्र में पिरोने और समाज में जनजागृति फैलाने का मंच बनकर उभरा।
कथा कार्यक्रम में सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक तथा विभिन्न वर्गों से जुड़े प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। धार्मिक परंपराओं का निर्वहन कथा वाचक दर्शन धीमान की देखरेख में किया गया। समापन पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं। नगर में आगमन पर महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
ज्योति सैनी ने भगवान विश्वकर्मा के चरणों में शीश नवाकर समाज की सुख-समृद्धि, भाईचारे और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति, संस्कारों और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
उन्होंने जगदेव धर्मशाला के सौंदर्यकरण के लिए लाखों रुपये के बजट से विशेष सौगात देने की घोषणा भी की। साथ ही युवा पार्षद प्रीत जगदेव की अध्यक्षता में आयोजित इस भव्य कथा कार्यक्रम के आयोजकों और संयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि जिस प्रकार इस आयोजन को महोत्सव की तरह सफल बनाया गया, वह सराहनीय है।
कार्यक्रम में कलायत डीएसपी रोहतास कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर भाजपा जिला सचिव अजय प्रताप राणा, मार्केट कमेटी चेयरमैन राजकिशन राणा, निर्मल पब्लिक स्कूल प्रबंधन समिति के निदेशक अंकुर निर्मल, वरिष्ठ समाजसेवी धर्मपाल धीमान, विश्व हिंदू परिषद जिला उपाध्यक्ष बीरभान निर्मल, जगदेव धर्मशाला कमेटी प्रधान सुरेंद्र जगदेव, सतपाल आदि लोग
उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और धार्मिक आस्था का माहौल देखने को मिला।