संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंदिरा गांधी पीजी महिला महाविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा छात्राओं के व्यावहारिक ज्ञान व व्यावसायिक अनुभव को बढ़ाने के उद्देश्य से कॉलेज परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा की जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने छात्राओं को मीडिया क्षेत्र में आगे बढ़ने, निष्पक्ष व जिम्मेदार पत्रकारिता अपनाने तथा आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखने के लिए प्रेरित किया।
संवादात्मक सत्र में छात्राओं ने शिक्षा प्रणाली, बस सुविधा, महिला सुरक्षा, ऑटो किराए में बढ़ोतरी तथा चुनाव से जुड़े विषयों पर प्रश्न किए, जिनका मुख्य अतिथि ने विस्तार से उत्तर दिया। इस सत्र से छात्राओं को समसामयिक मुद्दों की बेहतर समझ प्राप्त हुई। इस अवसर पर महाविद्यालय समिति के प्रधान जगदीश बहादुर खुरानिया, सामान्य सचिव नरेंद्र मिगलानी और गवर्निंग बॉडी सदस्य मोहित खुरानिया भी मौजूद रहे।
प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य छात्राओं को व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाना है। सांयकालीन सत्र की प्रभारी प्राचार्या श्वेता तंवर भी मौजूद रहीं। संचालन विभागाध्यक्ष प्रो. सीमा सुनेजा एवं सह-संयोजक प्रो. संगीता शर्मा ने किया।