संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। श्री श्याम परिवार ट्रस्ट पूंडरी की ओर से शहर में शनिवार को बाबा खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा निकाली गई। इस दौरान हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा... से सारा इलाका गुंजायमान रहा।
यात्रा पुलिस थाना के नजदीक खाटू श्याम मंदिर से शुरू होकर मुख्य बाजार से होते हुए नई अनाज मंडी स्थित श्याम संकीर्तन बाबा के दरबार स्थल पर संपन्न हुई। निशान यात्रा में श्याम प्रेमी हाथों में श्याम बाबा के निशान लेकर भाव-विभोर नजर आए।
भक्तजन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ डीजे पर बज रहे भजनों पर थिरकते बाबा श्याम का जयघोष कर रहे थे। निशान यात्रा का शुभारंभ ट्रस्ट अध्यक्ष प्रवीण गर्ग बात्ता ने श्री श्याम मंदिर में पूजा-अर्चना करके किया। इस दौरान पूरा वातावरण जय श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिन्होंने पूरे भक्ति भाव से बाबा श्याम के जयकारे लगाए। ट्रस्ट अध्यक्ष प्रवीण गर्ग बात्ता ने बताया कि रविवार शाम को नई अनाज मंडी में श्री खाटू श्याम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
इस जागरण में विशेष रूप से विधायक सतपाल जांबा मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। जागरण स्थल पर बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया। बाबा के लिए विशेष 56 भोग, इत्र व पुष्प वर्षा की व्यवस्था की गई है।
श्री श्याम महोत्सव में फतेहाबाद के प्रसिद्ध गायक परविंदर पलक, जयपुर के अभिषेक नामा और टोनी श्री खाटू श्याम बाबा के भजनों का गुणगान करेंगे। श्री आयोजन से श्याम भक्तों में उत्साह है।