गांव साकरा स्थित मार्केटिंग बोर्ड के अधीन बन रही करनाल-पटियाला मार्ग से संगरौली को जाने वाली सड़क पर ठेकेदार द्वारा नाममात्र सामग्री के इस्तेमाल और सड़क पर पुलिया न बनाने को लेकर गुस्सा हुए लोगों ने निर्माण कार्य बंद करवा दिया।
संबंधित विभाग व ठेकेदार की मनमर्जी से परेशान लोगों ने जमकर नारेबाजी कर रोष जताया। ग्रामीण रमेश कुमार साकरा, रघुबीर साकरा, सुरेश साकरा, जोगिंद्र साकरा, महेंद्र सिंह, सुरेश टाया, मिला राम, ईश्वर सिंह, नेतराम, रामकुमार, पवन कुमार, शिव कुमार, कृष्ण कुमार, ओमप्रकाश, बलवान सिंह टाया, रमेश टाया, बलकार सिंह और रामचंद्र टाया ने बताया ने कि इस सड़क पर लगभग एक वर्ष से सड़क बनाने का कार्य कछुआ चाल पर जारी है। जिससे यहां के लोग व राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क में नाममात्र ही सामग्री का इस्तेमाल करके ठेकेदार प्रशासन को लाखों रुपये का चूना लगा रहा है।
दो पुलियां बंद करने से पानी निकासी रुकी
लोगों का आरोप है कि इस रास्ते पर सड़क बनने से पहले गांव साकरा से साध वाला कुआं मां भगवती मंदिर तक चार पुलियां थीं। सड़क निर्माण करने पर विभाग ने चार पुलियां में से दो को बंद कर दिया है। इन दो पुलिया के बंद होने से आस-पास के खेतों की बरसाती पानी की निकासी बंद हो गई। जो किसी भी समय बरसात के होने पर यहां के खेत तालाब का रूप धारण कर सकते हैं। जिससे भविष्य में यहां की फसलों के खराब होने की संभावना बनी हुई है। जो यह समस्या लोगों के लिए एक चिंता बनी हुई। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क के निर्माण कार्य में लगी सामग्री की जांच कर सड़क को दोबारा बनवाया जाए और साध वाला कुआं मां भगवती मंदिर के पास बंद पड़ी पुलिया बनवाई जाएं।