कलायत। कलायत क्षेत्र के गांव सजूमा में दूषित पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने व्यापक कार्ययोजना लागू कर दी है। विभाग की ओर से पूरे गांव का सर्वेक्षण कर सुरक्षित पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने का अभियान चलाया जा रहा है। सर्वेक्षण के दौरान करीब 150 पेयजल कनेक्शनों की पहचान की गई। इनमें से 80 से अधिक कनेक्शनों को सुरक्षित स्वरूप प्रदान किया जा चुका है।
शेष कनेक्शनों पर भी तेजी से कार्य जारी है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता जगदीप दलाल ने बताया कि विभाग का उद्देश्य गांव के प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम लगातार गांव में रहकर पाइपलाइन, जलापूर्ति और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रही है। जिन कारणों से पेयजल आपूर्ति प्रभावित होती है, उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर नहरी पानी की उपलब्धता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि पेयजल योजना को पर्याप्त जल मिल सके। इसके साथ ही मुख्य पाइपलाइन और गांव में बिछी क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों को चरणबद्ध तरीके से बदलकर पेयजल व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।