गांव बालू की बिढाण पट्टी में अवैध शराब के खुर्द और मांस की दुकानों को लेकर महिलाओं ने प्रदर्शन किया। साथ ही महिलाओं ने मुख्यमंत्री को भेज पत्र इन दुकानों को बंद करवाने की मांग की है।
मूर्ति देवी, पिरथो, विमला देवी, मनीशा, कांता, संतोष, सोनू, सुरेश, सोनिया, कविता, शांति ने कहा कि गांव बालू की बिढाण पट्टी व हरिजन कालोनी में लगभग तीन सालों से खुर्दे व मांस की दुकानें अवैध रूप से चल रही हैं। शराबी इन स्थानों पर नियमित तौर पर लड़ाई झगड़ा व गाली गलौच करते रहते हैं। मूर्ति ने कहा कि ये दुकानें गांव की मेन गलियों में खुली हुई हैं। इन रास्तों से महिलाओं व बच्चों का निकलना मुश्किल हो गया है। शराबी आती जाती महिलाओं से बदतमीजी करते हैं। कई बार तो इस को लेकर परिवारों में आपसी झगड़े तक हो चुके हैं। सोनिया व मनीषा ने कहा कि मांस की अवैध दुकानों से लगातार आने वाली बदबू से उन लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। सायंकाल में तो लड़कियां व महिलाएं घरों से निकलने से परहेज करतीं हैं। सुनील कुमार ने कहा कि गांव में पुलिस, प्रशासन व ठेकेदारों की मिलीभगत से सरेआम अवैध रूप से शराब की बिक्री जारी है। मुख्यमंत्री को भेजे शिकायत पत्र में े मांग की कि तत्काल प्रभाव से खुर्दों व मीट की दुकानों को बंद करवाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि अब भी समस्या का समाधान नही निकलता तो गांव की महिलाएं व पुरुष सड़कों पर उतर जाऐंगे। गुरुदेव सिंह ने कहा कि गांव के युवाओं का एक शिष्टमंडल स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से भी गांव की इस सांझी समस्या को लेकर मिलेगा।