कैथल-पटियाला मार्ग पर जाम लगा दिया।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
यहां वार्ड नंबर एक में स्थित अर्जुन नगर की गली नंबर 3 में एक महिला पर वेश्यावृत्ति का अड्डा चलाने का आरोप लगाते हुए लोगों ने मंगलवार शाम कैथल-पटियाला मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगाकर लोगों ने जमकर नारेबाजी की। वहीं पुलिस पर भी आरोप लगाया कि यहां पुलिस की मिलीभगत से वेश्यावृत्ति का अड्डा चल रहा है। क्योंकि कई बार शिकायत दिए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
मंगलवार शाम अर्जुन नगर के लोग पटियाला रोड पर एकत्रित हुए। जहां कुछ देर प्रदर्शन के बाद लोगों ने कैथल-पटियाला मार्ग पर जाम लगा दिया। लोगों ने जाम लगाकर जमकर नारेबाजी की। अर्जुन नगर निवासी रुलदू राम, चंदगी राम, प्रदीप, हैप्पी, गौरव, विवेक, टींकू, सतपाल, रामनिवास, महावीर सहित अन्य लोगों ने कहा कि वार्ड नंबर एक में गली नंबर तीन में एक महिला यहां वेश्यावृत्ति का धंधा चला रही है। इसकी जानकारी थाना शहर में दी थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाहर से लोग यहां आते हैं। वे कई बार बच्चों से भी उनके घर का पता पूछते हैं। महिलाओं ने कहा कि पुलिस भी उनके साथ मिली हुई है। जिस कारण बच्चों पर भी बुरा असर हो रहा है। उनकी मांग है कि वेश्यावृत्ति के धंधे को बंद करवाया जाए और इस धंधे में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
सूचना मिलने पर पहुंचे थाना शहर प्रभारी का काम देख रहे सतबीर सिंह ने लोगों की समस्या को सुना और समझाकर जाम खुलवाया।
वहीं एसआई सतबीर ने कहा कि दो दिन पूर्व उनके पास शिकायत आई थी। इस बारे में कहा गया था कि यदि कोई गलत काम कर रहा है तो निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी। केवल शिकायत मिलते ही किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। जो भी व्यक्ति गलत काम करेगा, उसके खिलाफ जांच करके निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी। मिलीभगत जैसी कोई बात नहीं हैं। लेकिन पुलिस बिना किसी सुबूत के किसी को भी गिरफ्तार कैसे कर सकती है? मामले में नियमानुसार ही कार्रवाई की जाएगी।