संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। साइबर ठगों के खिलाफ चल रहे अभियान में थाना साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ओएलएक्स पर पुरानी बाइक बेचने के नाम पर ठगी करने के मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी, गांव नांगल जिला दौसा (राजस्थान) निवासी सागर सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि मामले की जांच थाना साइबर क्राइम प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु के निर्देशन में एएसआई विनोद कुमार की टीम द्वारा की गई। शिकायतकर्ता पूंडरी निवासी बलदेव ने बताया था कि 30 अप्रैल 2024 को उसने ओएलएक्स पर पुरानी बाइक के विज्ञापन पर संपर्क किया। पहले कॉल रिसीव नहीं हुई, लेकिन कुछ देर बाद वाट्सएप पर बाइक की फोटो भेजी गई और कॉल करने वाले ने अपना नाम ईश्वर चंद बताया।
ठग ने स्वयं को फौज में तैनात बताया और कहा कि उसकी हिसार से जम्मू-कश्मीर में बदली हो गई है, इसलिए वह अपनी बाइक बेच रहा है। उसने शुरू में 9,000 रुपये मांगे, फिर कम करके 8,000 रुपये करने की बात कही। इसके बाद बाइक भेजने और अन्य बहानों से पीड़ित से अलग-अलग समय पर कुल 77,320 रुपये ले लिए, लेकिन बाइक नहीं भेजी। पीड़ित की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज किया। मामले में इससे पहले चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।