कैथल। शेरगढ़ के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में नई किरण नशा मुक्त भारत अभियान के फ्लैगशिप कार्यक्रम के तहत सोमवार को नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन कॉलेज के प्रधानाचार्य कुलवीर सिंह अहलावत के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पौधे लगाकर नशे दूर रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में कॉलेज के छात्राें ने नशामुक्त भारत अभियान को समर्पित करते हुए एक-एक पौधा लगाया। इस पहल से न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि नशा मुक्त समाज की संकल्पना को भी बल प्रदान किया। प्रत्येक पौधे के साथ युवाओं ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
विज्ञापन
कॉलेज के प्रिंसिपल कुलवीर सिंह अहलावत ने अपने संबोधन में कहा कि नशा मुक्ति अभियान से स्टूडेंट्स में जागरूकता और दृढ़ संकल्प बढ़ा है। युवा वर्ग को नशे से दूर रहकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। इस तरह की पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और युवाओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने पर्यावरण और नशा मुक्ति के इस संयुक्त प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम में नई किरण नशा मुक्त संस्थान के प्रभारी आनंद यादव, सह-प्रभारी सोहन शर्मा एवं सभी सहायक कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।