संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पानीपत में आठ से 10 सितंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में कैथल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल स्टाइल कबड्डी (अंडर-17 पुरुष) का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले में कैथल की टीम का सामना मेजबान पानीपत से हुआ। रोमांचक मुकाबले में कैथल ने छह अंकों से जीत दर्ज कर पूरे जिले का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों के जोश और संघर्ष ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
इस विजेता टीम में बलवंती स्कूल और ग्योंग गांव के खिलाड़ियों का योगदान अहम रहा। बलवंती के खिलाड़ी हरप्रीत, जीवन, विशाल, आर्यन, मनोज कुमार और अजय कुमार के साथ ग्योंग के हिमांशु, अभिमन्यु, साहिल, अमन कुमार और आर्यन ने दमदार खेल दिखाया।
खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों राजेश कुमार (डीपीई बलवंती), मनोज कुमार (ग्योंग नर्सरी कोच), अनिल कुमार (डीपीई ग्योंग) और सुरजीत सिंह (ग्योंग) को भी ग्रामवासियों ने सम्मानित किया।
कैथल टीम की जीत की खबर गांव पहुंचते ही जश्न का माहौल बन गया। बलवंती गांव में खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। क्योड़क से बलवंती तक करीब 3 किलोमीटर लंबा जुलूस निकाला गया। खुली जीपों में सवार खिलाड़ियों पर नोटों की माला और फूल बरसाए गए। स्कूल पहुंचने पर तिलक, पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों के बीच सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विजयालक्ष्मी, एईओ रमेश चहल, शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र बेरवाल, पीटीआई नरमैल सिंह, पीटीआई रविंद्र भट्टी, बलवंती स्कूल के प्रिंसिपल मामचंद, स्टाफ और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बलवंती गांव के सरपंच मनजीत सिंह, बलवान श्योराण, नरसी श्योराण, सतीश श्योराण, रामरतन शर्मा, पंच खुशीराम समेत समस्त ग्रामवासियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
शिक्षा और खेल के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे बलवंती स्कूल के डीपीई राजेश कुमार पांचाल ने राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने शानदार खेल खेलते हुए जिले का नाम रोशन किया। ग्रामीणों और शिक्षा अधिकारियों ने राजेश कुमार पांचाल की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना के लिए सराहना की और कहा कि उनकी मेहनत से भविष्य में कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर चमकेंगे।