Photo gallery installed in the college on the completion of 75 years of the first session of the Constituent Assembly
- फोटो : Kaithal
कैथल। आरकेएसडी पीजी कॉलेज में अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में व संविधान सभा के प्रथम अधिवेशन के 75 वर्ष पूरे होने पर दो दिवसीय फोटो गैलरी शुरू की गई। इसमें संविधान सभा के आरंभ से लेकर वाद-विवाद एवं निर्माण तक की गतिविधियों के दुर्लभ फोटो लगाए गए।
इसमें ड्राफ्टिंग कमेटी के सदस्यों के फोटो, संविधान सभा में महिलाओं का सामूहिक फोटो व हस्ताक्षर करते हुए संविधान निर्माताओं के फोटो आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा मौलिक संविधान की प्रथम प्रति का भी प्रदर्शन किया गया। इसे एसडी कॉलेज अंबाला छावनी के प्राचार्य डॉ. राजिंद्र सिंह ने उपलब्ध करवाया है। इसे कॉलेज के विद्यार्थी तरुण शर्मा ने लाकर प्रदर्शित किया। फोटो गैलरी का शुभारंभ आरवीएस समिति के कोषाध्यक्ष सुनील चौधरी, प्राचार्य डॉ. संजय गोयल व प्रो. सुभाष कौशिक ने किया। उनका स्वागत विभागाध्यक्ष डॉ. सीबी सैनी, श्रीओम, डॉ. अशोक अत्रि, डॉ. सुरेंद्र सिंह व जगबीर सिंह ने किया। फोटो गैलरी का अवलोकन कॉलेज के सभी प्राध्यापकों एवं लगभग 300 विद्यार्थियों ने किया। प्रबंधन समिति के प्रधान साकेत मंगल एडवोकेट ने राजनीति शास्त्र विभाग को इसके लिए बधाई दी।