सीवन। भारत सहित सारी दुनियां के सभी देश 22 मार्च को विश्व जल दिवस मना रहे हैं। विश्व जल दिवस मनाने का एक ही मकसद है कि हर इंसान को जल बचाने के लिए जागरूक करना और जल को प्रदूषित होने से बचाना।
आज से 40 साल पहले हमारे इलाके में पानी धरती से लगभग 20 फुट नीचे था और आज हालत ये है कि हमारे इलाके में पानी लगभग 500 फुट नीचे पहुंच गया है। इसके लिए हम सभी जिम्मेदार है।
उपरोक्त विचार हरियाणा सरकार द्वारा मनोनीत स्वच्छ भारत मिशन कैथल के जिला सदस्य ओम प्रकाश मुटरेजा ने सीवन में पत्रकारों से बात करते हुए व्यक्त किये। मुटरेजा ने जनता से अपील करते हुए कहा है कि अगर हम चाहते हैं कि हमारे बच्चों को भविष्य में पानी की वजह से परेशान ना होना पड़े इस के लिए हम सभी को पानी को प्रदूषित होने से बचाना होगा।
पानी का सरंक्षण करना होगा और पानी का फालतू उपयोग रोकना होगा। पानी बचाने के लिए हमें जो भी तरीका समझ में आता है उस तरीके का उपयोग करें लेकिन पानी की बचत हर हालत में करनी है।
ब्रश करते समय, नहाते समय, कपड़े धोते समय अपने वाहन को धोते समय हमें कम से कम पानी का उपयोग करना है। रास्ते में चलते समय कंही भी नल फालतू चलता दिखे तो उसे बंद करने के लिए निवेदन जरूर करें।