संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। बिजली बोर्ड कौल के समीप बसी बीपीएल कॉलोनी के निवासी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। कॉलोनीवासियों ने वीरवार को विधायक सतपाल जांबा से गुहार लगाई कि वे चुनाव के दौरान किए गए वादों को अब पूरा करें।
प्रदीप कश्यप, श्याम लाल, रामस्वरूप कश्यप, रवि, राजेश, बबलू और शमशेर सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि कॉलोनी को बसे करीब 18 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन आज तक न तो गलियां पक्की हुईं, न ही जलनिकासी की व्यवस्था है। बरसात में हालत और भी बदतर हो जाती है— गली-मोहल्लों में घुटनों तक कीचड़ भर जाता है और लोगों को चप्पल हाथ में लेकर नंगे पांव घर पहुंचना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि विधायक सतपाल जांबा चुनाव प्रचार के दौरान कॉलोनी में आए थे और वादा किया था कि वह कॉलोनी को चंडीगढ़ की तर्ज पर विकसित करेंगे। लेकिन अब तक उनकी बातों पर अमल नहीं हुआ है। महिलाओं और बुजुर्गों ने बताया कि बरसात के दिनों में वे घरों में ही कैद होकर रह जाते हैं। बच्चों को स्कूल जाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
हमने वादा निभाया, अब विधायक भी निभाएं ः कॉलोनी की महिलाओं ने कहा कि हमने विधायक को वोट देकर अपना वादा निभाया है, अब विधायक भी अपना वादा निभाएं। हम किसी सरकारी नौकरी की मांग नहीं कर रहे, केवल इतना चाहते हैं कि हमारी गलियां पक्की हो जाएं, ताकि दिहाड़ी मजदूरी पर आना-जाना आसान हो सके।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि वे कई बार संबंधित विभागों के चक्कर लगा चुके हैं लेकिन अब तक सिर्फ
आश्वासन ही मिले हैं। अब उनकी आखिरी उम्मीद विधायक सतपाल जांबा से है, जिनसे वे अपील कर रहे हैं कि वे गरीबों की सुध लें और उन्हें इस नारकीय जीवन से राहत दिलाएं।