संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। वार्ड दो की सैनी कॉलोनी में लोग बुनियादी सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। बारिश में कीचड़ की वजह से पैदल चलना भी कठिन हो जाता है। स्थिति इतनी दयनीय है कि किसी परिवार में किसी की मृत्यु हो जाए, तो अंतिम संस्कार से पहले सांत्वना देना भी मुश्किल हो जाता है। न तो कोई सार्वजनिक भवन है, और न ही गलियों का रास्ता ऐसा कि आगंतुक आसानी से आ-जा सकें।
गांव के अधिकांश परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं। पहले झोपड़ियों में गुजर-बसर करने वाले इन लोगों ने मेहनत से अपने छोटे-छोटे आशियाने तो बना लिए हैं, लेकिन सामाजिक कार्यक्रमों के लिए आज भी उन्हें तिरपालों का सहारा लेना पड़ता है — जो बरसात या आंधी में टिक नहीं पाती।
सार्वजनिक भवन व मूलभूत सुविधाओं की मांग ः सैनी समाज वेलफेयर ट्रस्ट के प्रधान महीपाल सैणी, रवींद्र सैणी, परमानंद, अजय कुमार व अन्य युवाओं ने बताया कि वे वर्षों से नगर पालिका प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैणी और पूर्व राज्य मंत्री कमलेश ढांडा से मिलकर कॉलोनी में महात्मा बुद्ध सामुदायिक भवन की मांग उठाई है। साथ ही गलियों के पक्के निर्माण, सीवरेज व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और अन्य सुविधाओं की मांग की गई है।
ट्रस्ट बना युवाओं की आवाज ः कॉलोनी में दिन-प्रतिदिन समस्याएं विकराल होती जा रही हैं। इनसे निपटने के लिए युवाओं ने एक संगठित ट्रस्ट बनाया है, जो अब शासन-प्रशासन के सामने हर मुद्दे को मजबूती से उठाएगा।
बारिश में कीचड़ की वजह से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सैनी कॉलोनी की बाग वाली गली के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सभी औपचारिकताओं के बाद कार्य जल्द शुरू होगा, जिससे कॉलोनीवासियों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सकेगा। -राजेश प्रजापति-अभियंता, नगर पालिका