संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। रोहेड़ा गांव से दुडाना जाने वाली सड़क की बदहाली से वाहन चालकों को काफी परेशानी झेलनी पउ़ रही है। आलम यह है कि खस्ताहाल सड़क पर दो कदम भी कोई पैदल तक नहीं चल सकता।
निर्माणाधीन सड़क ने लोगों की नाक में दम कर रखा है। सड़क पर बिखरे पत्थर जहां वाहन चालकों के लिए परेशानी बन रहे है। वहीं, कई वाहन भी इससे टूट चुके हैं। करीब छह किलोमीटर तक सड़क पर रोड़े डालकर विभाग इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। विभाग संबंधित ठेकेदार पर भी कोई कार्यवाही नहीं कर रहा। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
रोहेडा गांव से दुडाना से जाने वाले लोगों के लिए बहुत परेशानी बढ़ गई है। उधर, किठाना वाली सड़क भी खराब होने कारण लोग अगर रोहेडा से किठाना की तरफ जाते हैं तो उन्हें इससे भी अधिक परेशानी होती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क के निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करवाया जाए नहीं तो वह फिर सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार व विभाग की होगी।