कैथल। स्वास्थ्य विभाग ने लार्वा मिलने पर अब तक 588 लोगों को नोटिस जारी किया है।
मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें कार्य कर रही हैं। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को भी जांच की। अब तक विभाग पूरे जिले में लार्वा मिलने पर 588 लोगों को भी नोटिस दिया है। वहीं, विभाग ने जिले में अब तक डेंगू और मलेरिया की जांच को लेकर दो लाख 51 हजार 883 घरों का सर्वे भी कर लिया है।
इसमें से 44 हजार 970 लोगों के बुखार के सैंपल भी लिए गए हैं। राहत की बात यह है कि जिले में अभी तक कोई भी मलेरिया और डेंगू के पॉजिटिव केस नहीं मिले हैं। जिला नोडल अधिकारी और डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. नीरज मंगला ने आम जन से अपील की है कि डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए अपने आस-पास के क्षेत्र में सफाई का विशेष ध्यान रखें। पानी को बिल्कुल भी एकत्रित न होने दें। संवाद