शहीद ऊधम सिंह पार्क इस समय बदहाली का शिकार है। यहां हर समय शरारती तत्वों का जमावड़ा रहता है। ऐसे तत्व पूरा दिन यहां ताशा खेलते और शराब पीते हैं। जिस कारण आस-पास की कॉलोनी में रहने वाले लोग पार्क में आने से कतराते हैं। यहां न तो बैठने की जगह है न शौचालय का कोई प्रबंध है, वहीं लाइटें भी बिल्कुल खराब हो चुकी है। लेकिन नगर परिषद इस पार्क की सुध नहीं ले रही। यहां स्थित डस्टबिन और पार्क में लगी शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा की हालत भी खराब हो चुकी है।
पार्क के निकट रहने वाले लोगों का कहना है कि पिछले करीब एक साल से यहां लगने वाली रौनक कम हो चुकी है। यहां सुबह व शाम के समय सैर करने वाले लोग अव्यवस्था से परेशान हैं। कॉलोनीवासी तनुज गुप्ता ने कहा कि पार्क की बदहाली को छह महीने से भी अधिक का समय हो चुका है। लेकिन इस पर न तो पार्षद और न ही नगर परिषद के अधिकारी इसकी सुध ले रहे।
पार्क में बैठने का नहीं है कोई प्रबंध
शहरवासी रोहन मित्तल ने बताया कि यह पार्क काफी अच्छा बनाया गया था। लेकिन वर्तमान में इसकी हालत काफी खस्ता हो चुकी है। यहां बैठने तक की जगह नहीं बची है। पार्क की समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए। शहरवासी ओमप्रकाश ने कहा कि यह पूरे शहर में एक ऐसा पार्क है जो शहीदों की याद में बनाया गया है। लेकिन पार्क की बदहाली के कारण यहां के लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
शौचालय न होने से दुविधा
शहरवासी जोगिंद्र सचदेवा ने कहा कि पार्क में बने शौचालय काफी खराब हालत में है। जिस कारण यहां आने वाली महिलाओं को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
पार्क की समस्याओं के निपटारे को लेकर कार्य शुरू कर दिया गया है। जिसके तहत पार्क में नये शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। पार्क के रखरखाव के लिए कर्मचारी तैनात किये जाएंगे। इसके साथ ही यहां टूटे हुए समान के टेंडर लगा रखे है। जल्द ही पार्क की समस्याओं को दूर किया जाएगा।
यशपाल प्रजापति, नगर परिषद कैथल